उत्तराखंड

अयोध्या में दिखेगी उत्तराखंड की झलक, धामी सरकार बना रही भव्य अतिथि गृह..

अयोध्या में दिखेगी उत्तराखंड की झलक, धामी सरकार बना रही भव्य अतिथि गृह..

 

 

उत्तराखंड: अयोध्या में जल्द ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक छाप देखने को मिलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल के तहत यहां एक भव्य राज्य अतिथि गृह के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। यह परियोजना केवल एक ठहरने की सुविधा तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उत्तराखंड और अयोध्या के बीच सांस्कृतिक सेतु के रूप में भी विकसित की जा रही है। प्रस्तावित अतिथि गृह अयोध्या-फैजाबाद हाईवे पर लगभग 54,000 वर्ग फीट क्षेत्र में बनाया जाएगा। परियोजना को लेकर शासन स्तर पर गंभीरता साफ दिखाई दे रही है। हाल ही में अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और तय समयसीमा के पालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अतिथि गृह की लोकेशन इसे और खास बनाती है। यह राम मंदिर अयोध्या से करीब 6.6 किलोमीटर और महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और वे आसानी से धार्मिक कार्यक्रमों में समय पर शामिल हो सकेंगे। परियोजना का एक अहम उद्देश्य आम श्रद्धालुओं को किफायती और व्यवस्थित ठहराव उपलब्ध कराना है। खासकर उत्तराखंड के दूरस्थ इलाकों से आने वाले यात्रियों के लिए यहां सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवास की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सहज बन सके।

यह अतिथि गृह केवल आवासीय सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। परिसर में उत्तराखंड की लोक कला, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर मेले आयोजित किए जाएंगे, जहां आगंतुकों को पहाड़ी व्यंजन और हस्तशिल्प का अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही इस परिसर में विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जो लोग अयोध्या में पारंपरिक पहाड़ी रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं, उनके लिए यह स्थान एक आकर्षक विकल्प बनकर उभरेगा। इस परियोजना के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है। लाखों श्रद्धालुओं के बीच राज्य की परंपराओं और विरासत को नई पहचान मिलेगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर अयोध्या में प्रस्तावित यह राज्य अतिथि गृह धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top