Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट घोषित, 10वीं में अक्षत डोभाल नंबर-1, 12वीं में तीन टॉपर्स..

उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट घोषित, 10वीं में अक्षत डोभाल नंबर-1, 12वीं में तीन टॉपर्स..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने वर्ष 2026 के हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा परिणाम शनिवार सुबह 10 बजे जारी कर दिए। रिजल्ट की घोषणा रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में की गई। बोर्ड के सभापति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने परिणाम घोषित करते हुए लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म किया। इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर स्थित एनपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत डोभाल ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 500 में से 491 अंक हासिल कर टॉप किया। वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) में तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान प्राप्त किया। बागेश्वर की सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा गीतिका पंत, हरिद्वार की वंशिका और ऋषिकेश के आर्यन ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। तीनों विद्यार्थियों ने 500 में से 490 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

परीक्षा परिणामों में इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। हाईस्कूल में कुल 1.08 लाख परीक्षार्थियों में से 92.12 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 88.03 प्रतिशत छात्र और 96.07 प्रतिशत छात्राएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 1.04 लाख विद्यार्थियों में से 85.11 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, जिसमें 81.93 प्रतिशत छात्र और 88.9 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण रहीं। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। कुल 2,15,252 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 1,12,266 हाईस्कूल और 1,02,986 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं शामिल थे। राज्यभर में परीक्षा के लिए 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। साथ ही 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखकर विशेष निगरानी की गई।

छात्र अपना परिणाम ऑनलाइन आधिकारिक वेबसाइट https://uaresults.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित पोर्टल पर जाकर रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थी अपने संबंधित विद्यालयों से भी परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top