हर साल रक्षाबंधन से पहले होगा सशक्त बहना उत्सव..
स्वयं सहायता समूहों को मिलेंगे बिक्री के अवसर..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब हर साल रक्षाबंधन से पहले 15 दिनों तक मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर मिलेगा। सीएम धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूहों से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की और उनके तैयार किए गए उत्पादों, विशेष रूप से राखियों को देखा। महिलाओं ने बताया कि ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने उत्पादों के लिए बाजार मिल रहा है और आगे बढ़ने के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने से न केवल उन्हें रोजगार और आय के अवसर मिलेंगे, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ की वास्तविक भावना से जोड़ते हुए प्रदेशवासियों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदने की अपील की। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। वर्तमान में प्रदेश में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब 5.20 लाख ग्रामीण परिवार इससे जुड़े हैं। योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में लगभग 12.50 करोड़ रुपये के उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई है। सरकार के अनुसार, उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव झरना कमठान और अनुराधा पाल मौजूद रहे। सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।