उत्तराखंड

रुड़की को मिली आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात, सीएम धामी ने किया उद्घाटन..

रुड़की को मिली आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात, सीएम धामी ने किया उद्घाटन..

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार जिले के रुड़की दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सुना। इसके बाद आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधे संवाद करते हुए राज्य के विकास में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य प्रदेश के युवाओं के हाथों में है और सरकार उन्हें बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर सीएम ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए अत्याधुनिक सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह खेल परिसर क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने स्वयं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिम में व्यायाम करने के साथ बैडमिंटन कोर्ट पर भी हाथ आजमाया। उनकी इस सहभागिता ने वहां मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

युवा शक्ति संवाद में सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। दौरे के दौरान सीएम धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और सरकार यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्क है। मानसून के मौसम को देखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सीएम ने विश्वास जताया कि सरकार के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुगम बनाना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने दर्शन कर सकें। रुड़की दौरे के दौरान कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। सीएम के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top