Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

जोशीमठ के चांई-थैंग गांव के ऊपर क्रैश हुआ ट्रांस भारत का हेलीकॉप्टर, 6 लोगों की मौत..

जोशीमठ के चांई-थैंग गांव के ऊपर क्रैश हुआ ट्रांस भारत का हेलीकॉप्टर, 6 लोगों की मौत..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते चांई और थैंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार थे। हादसे में सभी 6 लोगों की मौत होने की सूचना सामने आ रही है। हालांकि, मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान जोशीमठ क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया। खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर चांई और थैंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय सेना की ओर से जिला प्रशासन को हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी गई थी। सेना से जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने घटनास्थल की लोकेशन ट्रेस की, जिसके बाद हादसे की पुष्टि हुई।जानकारी के मुताबिक यह हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत का था। इस हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा 5 लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर में पांच लोग सवार थे, जिनकी पहचान चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के रूप में हुई है। वहीं पायलट की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है।

इस घटना के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल खराब मौसम को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। बदरीनाथ यात्रा के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के बीच हवाई सेवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

 

To Top