उत्तराखंड

केदारनाथ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, संदिग्ध व्यक्ति के पास से मिले धारदार हथियार..

केदारनाथ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, संदिग्ध व्यक्ति के पास से मिले धारदार हथियार..

 

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में यात्रा सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को केदारनाथ धाम क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टेंटों और अस्थायी ठहराव स्थलों की जांच के समय पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद की गईं, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया।

सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी के अनुसार पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी है। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क साध लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति जिस टेंट में ठहरा हुआ था, वहां उसे बिना वैध पहचान पत्र के ठहराया गया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने टेंट संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने यात्रा क्षेत्र में संचालित सभी होटल, लॉज, टेंट और अन्य ठहराव स्थलों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटी हुई है। यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, टेंट कॉलोनियों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top