एक क्लिक में करोड़ों की पेंशन जारी, 7.5 लाख से अधिक लोगों को मिला लाभ..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को अप्रैल माह की पेंशन राशि ‘वन क्लिक’ प्रणाली के माध्यम से जारी की। इस पहल के तहत राज्य की शत-प्रतिशत पोषित योजनाओं से जुड़े 7,56,682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए। इस भुगतान में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी कई योजनाएं शामिल हैं, जिनसे समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता मिलती है।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित रूप से कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह के बहुउद्देश्यीय शिविर आगे भी जारी रखे जाएं।
साथ ही 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्तियों का सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही पात्र लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिल सके। उन्होंने योजनाओं के दायरे को और प्रभावी बनाने के लिए आय सीमा को व्यावहारिक बनाने, पेंशन और अन्य योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने तथा नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से सीधे संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में विभागीय मंत्री ने भी कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम करते हुए हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।