Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

पटाखों के शोर से अलग पहाड़ की अनूठी परंपरा, टिहरी में फिर दिखा भैलो का क्रेज..

पटाखों के शोर से अलग पहाड़ की अनूठी परंपरा, टिहरी में फिर दिखा भैलो का क्रेज..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाज आज भी पहाड़ों की पहचान बने हुए हैं। आधुनिकता के दौर में जहां त्योहार मनाने के तौर-तरीकों में बदलाव आया है, वहीं दीपावली और इगास बग्वाल के दौरान निभाई जाने वाली सदियों पुरानी परंपराएं आज भी लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ रही हैं। इन्हीं परंपराओं में शामिल भैलो बग्वाल एक बार फिर चर्चा में है। खास बात यह है कि अब पहाड़ की यह पारंपरिक विरासत गांवों की चौपालों से निकलकर शहरों के बाजारों तक भी पहुंचने लगी है। टिहरी में स्थानीय निवासी राधाकृष्ण मैठाणी पिछले कई वर्षों से पारंपरिक भैलो तैयार कर रहे हैं। उनके यहां एक भैलो की कीमत करीब 200 रुपये है। दीपावली और इगास के आसपास इसकी मांग बढ़ जाती है। स्थानीय लोग इसे खरीदकर देहरादून और ऋषिकेश जैसे शहरों तक भी ले जा रहे हैं। इससे पहाड़ की पुरानी लोक परंपरा को नई पहचान मिल रही है।

क्या है भैलो खेलने की परंपरा?
भैलो उत्तराखंड की खास लोक परंपराओं में से एक है। इसे मुख्य रूप से चीड़ की लकड़ी के पतले छिलकों, जिन्हें गढ़वाली में छिलका कहा जाता है, से तैयार किया जाता है। लकड़ियों को बांधकर रस्सीनुमा गुच्छा बनाया जाता है और फिर उसके सिरों पर आग लगाकर हवा में तेजी से घुमाया जाता है। इससे आग की गोलाकार आकृतियां बनती हैं, जो देखने में बेहद आकर्षक लगती हैं। दीपावली और विशेष रूप से इगास बग्वाल के अवसर पर ग्रामीण और युवा एकत्र होकर भैलो खेलते हैं। इस दौरान ‘भैलो रे भैलो’ के जयकारों से गांवों का माहौल उत्सवमय हो जाता है। ढोल-दमाऊं की थाप पर सामूहिक लोकनृत्य यानी मंडाण भी आयोजित किया जाता है। यह परंपरा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।

बाजार में भैलो की बढ़ती मांग से कारीगर उत्साहित
भैलो को बाजार में उपलब्ध कराने की पहल को स्थानीय लोग अपनी संस्कृति को बचाने की दिशा में सकारात्मक कदम मान रहे हैं। ग्रामीण मनोहर सिंह राणा ने बाजार में पारंपरिक भैलो देखकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कई सालों बाद उन्हें बाजार में भैलो बिकता दिखाई दिया। पहले गांवों में चीड़ की लकड़ी के छिलकों से भैलो तैयार कर खेला जाता था, लेकिन समय के साथ यह परंपरा कुछ सीमित होती चली गई। उन्होंने कहा कि आजकल लोग आधुनिक पटाखों और आतिशबाजी की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे में राधाकृष्ण मैठाणी की यह पहल पुरानी संस्कृति और रीति-रिवाजों को दोबारा आगे लाने का अच्छा प्रयास है।

दीपावली पर ढोल-दमाऊं की मंगल ध्वनि की भी खास परंपरा
उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में दीपावली के अवसर पर ढोल-दमाऊं बजाकर शुभकामनाएं देने की परंपरा भी आज तक कायम है। इसके तहत गांव के पारंपरिक वादक सबसे पहले पंचायती चौपाल में पहुंचते हैं। यहां ढोल-दमाऊं की मंगल ध्वनि के साथ उत्सव की शुरुआत होती है। इसके बाद वादक घर-घर जाकर ग्रामीणों को दीपावली की बधाई देते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार दीपावली के शुभ अवसर पर ढोल-दमाऊं की मंगल ध्वनि सुनना अच्छा माना जाता है। यह परंपरा गांवों में आपसी मेलजोल और भाईचारे को मजबूत करने के साथ लोक संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करती है।

आधुनिकता के बीच अपनी जड़ों को सहेज रहा पहाड़
उत्तराखंड की पहचान यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से भी है। भैलो, मंडाण और ढोल-दमाऊं जैसी परंपराएं पहाड़ के सामाजिक जीवन का अहम हिस्सा रही हैं। बाजारों में पारंपरिक भैलो की उपलब्धता इस बात का संकेत है कि लोग आधुनिक जीवनशैली के बीच भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के प्रयास कर रहे हैं। जरूरत है कि नई पीढ़ी भी इन परंपराओं को समझे और इन्हें आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी निभाए, ताकि उत्तराखंड की यह अनूठी सांस्कृतिक पहचान आने वाले समय में भी कायम रहे।

 

 

 

To Top