भगोड़े आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार..
2016 से आरोपी चल रहा था फरार…
आरोपी पर चल रहा था दहेज से संबंधित कुमदमा…
रुद्रप्रयाग। न्यायालय की ओर से वर्ष 2016 में भगोड़ा घोषित किए गए एक आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जखोली के धनकुराली गांव निवासी 2016 से फरार चल रहा था। आरोपी पर दहेज से संबंधित मुकदमा चल रहा था और सजा मिलने के बाद से वह फरार हो गया था।
दरअसल, महेंद्र सिंह पुत्र हयात सिंह निवासी धनकुराली जखोली पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम से सम्बन्धित मुकदमा दज रहा था। आरोपी वर्ष 2016 से लगातार फरार चल रहा था तथा न्यायालय में उपस्थित नहीं हो पा रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिये न्यायालय रुद्रप्रयाग द्वारा वर्ष 2016 में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए निष्पादन के लिये सम्बन्धित थाना कोतवाली रुद्रप्रयाग को प्रेषित किया गया था।
कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा अभियुक्त की धरपकड़ के लिये काफी प्रयास किए गए, लेकिन यह घर पर नहीं मिल रहा था। पुलिस के स्तर से लगातार प्रयास जारी रहे। 25 अगस्त को मुखबिर खास के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि महेंद्र सिंह आजकल अपने गांव आया हुआ है। शायद कुछ दिनों बाद वापस चला जाएगा।
इस खबर को पुष्ट करने के उपरान्त चौकी जखोली कोतवाली रुद्रप्रयाग के स्तर से टीम का गठन कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिये उसके घर पर दबिश दी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में मुकेश नेगी, प्रमोद कुमार और विनोद कुमार शामिल थे।