सल्ट उपचुनाव: सुबह आठ बजे से मतदान जारी..
उत्तराखंड: प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद हो रहे सल्ट विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों का काफी कुछ दांव पर लगा हुआ है। आज इस क्षेत्र के 95 हजार से ज्यादा मतदाता सात प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुबह आठ बजे से ही आज केंद्रों पर मतदान जारी है। शारीरिक दूरी को विशेष ध्यान में रखकर मतदान किया जा रहा है। बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी हुई है। भाजपा की ओर से महेश जीना, कांग्रेस की ओर से गंगा पंचोली, उक्रांद समर्थित पान सिंह, सर्वजन स्वराज पार्टी से शिव रावत, पीपीई डेमोक्रेटिव से नंद किशोर, उपपा से जगदीश चंद्र और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां पर मुख्यत: टक्कर भाजपा और कांग्रेस में ही देखी जा रही है।
इसके साथ ही सीएम तीरथ सिंह रावत और पूर्व सीएम हरीश रावत की साख भी दांव पर लगी हुई है। अगर भाजपा यह चुनाव जीतती है तो तीरथ के नेतृत्व पर भी मुहर लग जाएगी और अगर ऐसा कुछ होता है जो भाजपा के हक में नहीं होगा तो भाजपा के लिए परेशानी खड़ा करने वाला होगा। वहीं, कांग्रेस की ओर से हरीश रावत गुट की गंगा पंचोली मैदान में हैं। हरीश रावत ने भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया।
अगर गंगा जीत गईं तो यह पार्टी में हरीश रावत खेमे के लिए अच्छी खबर होगी। वही उक्रांद निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दे रही है। तो अन्य चार उम्मीदवार भी खड़े हुए हैं। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों ने डोर टू डोर जाकर प्रचार किया और फोन से भी मतदाताओं से संपर्क किया। इधर संगठन के तौर पर भाजपा ज्यादा मजबूती के साथ चुनाव लड़ी है वहीं गंगा पंचोली ने चुनाव को स्थानीय बनाम बाहरी के तौर पर मुद्दा उछाला है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना हैं कि सल्ट उपचुनाव में पार्टी एक बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित करने की ओर बढ़ रही है। दुर्भाग्य से भाजपा को ऐसे चुनाव का हिस्सा बनना पड़ा, जिसके बारे में हमने कभी नहीं सोचा था और यह पूरी तरह से परिस्थितिजन्य चुनाव है। लेकिन स्व. जीना ने जिस तरह से विकास किया और आम जनता के साथ उनका व्यवहार और संवाद था, उससे लोग आज भी कायल हैं।
उन्होंने दावा किया कि विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान लोगों का यही कहना था कि वह जीना को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं और आम जन महेश जीना के पक्ष में हैं। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी घमासान और खुलेआम आरोप प्रत्यारोप चल रहा है। भाजपा ने सल्ट की जनता से वायदा किया है कि स्व.जीना के अधूरे सपनों को पूरा करने का दायित्व अब पार्टी के ऊपर है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो घोषणाएं सल्ट के विकास के लिए हुईं, उसमें 85 प्रतिशत पूरी हो चुकी हैं।