त्रिवेणीघाट में टापू पर फंसे दिल्ली के पर्यटकों को उत्तराखंड पुलिस ने बचाया..
उत्तराखंड: त्रिवेणीघाट पर गंगा के दूसरी ओर नदी का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के पर्यटक टापू में फंस गए। नदी का जलस्तर बढ़ते देख पर्यटक मदद को आवाज लगाने लगे। पर्यटकों की आवाज सुनकर घाट पर तैनात उत्तराखंड जल पुलिस ने राफ्ट की मदद से रेस्क्यू कर पर्यटकों को सकुशल बचाया। पर्यटकों ने सकुशल बचाने के लिए जल पुलिस का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में जल पुलिस लाइफ जैकेट और रस्सों के सहारे ही रेस्क्यू करती थी।
जानकारी के अनुसार रविवार को ग्रेटर नोएडा, दिल्ली के पर्यटक तीर्थनगरी घूमने आए थे। घूमने के दौरान वे त्रिवेणीघाट में पक्के घाट को छोड़ गंगा के दूसरी ओर निकल गए। नदी का जलस्तर कम होने के कारण ये सब लोग सरलता से दूसरी ओर पहुंच गए।
करीब एक घंटे बाद दोपहर दो बजे जब यह लोग उस ओर से इस ओर आने लगे तो देखा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, और दूसरी ओर जाने के लिए कोई रास्ता भी नहीं है। नदी का जलस्तर बढ़ने से इन्होंने मदद के लिए आसपास आवाज देना शुरू कर दिया। इस दौरान घाट पर तैनात जल पुलिस के जवान धनवीर नेगी, हरीश गुसाईं, जितेंद्र, दिवाकर, राकेश और विपिन त्यागी ने नदी में राफ्ट डालकर, रेस्क्यू कर इन्हें सकुशल बचाया।