Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बनेंगे पांच नए मिनी स्टेडियम और आठ खेल मैदान..

उत्तराखंड में बनेंगे पांच नए मिनी स्टेडियम और आठ खेल मैदान..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने नए मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पांच मिनी स्टेडियम और आठ खेल मैदान बनाए जाएंगे। इसके साथ ही पहले से निर्माणाधीन खेल परिसंपत्तियों को भी जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विधानसभा में विधायक महेश जीना की ओर से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में 11 मिनी स्टेडियम निर्माणाधीन हैं, जबकि पांच नए स्टेडियम प्रस्तावित हैं। इसी अवधि में प्रदेश में 51 खेल मैदानों का निर्माण कराया गया है। तीन खेल मैदानों का काम अभी चल रहा है और आठ अन्य खेल मैदानों का निर्माण प्रस्तावित है।

टिहरी, चमोली और बागेश्वर में बनेंगे नए मिनी स्टेडियम
प्रस्तावित मिनी स्टेडियमों के लिए टिहरी गढ़वाल, चमोली और बागेश्वर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है। टिहरी जिले के घरगांव-डांडा और घनसाली विधानसभा क्षेत्र के नैलचामी में स्टेडियम बनाए जाने की योजना है। वहीं, चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के लाखी तथा बागेश्वर जिले के कर्मी सौंग और देवतोली में भी मिनी स्टेडियम प्रस्तावित हैं।

इन क्षेत्रों में तैयार होंगे खेल मैदान
खेल मैदानों के निर्माण के लिए भी अलग-अलग जिलों में स्थान चिह्नित किए गए हैं। चमोली के नंदानगर ब्लॉक स्थित पंगना, देहरादून के बनियावाला, अल्मोड़ा के रानीखेत एनसीसी ग्राउंड और चौखुटिया में खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा नैनीताल जिले के लेटीबुंगा शशबनी, पिथौरागढ़ के धारचूला ब्लॉक के तीजम और चंपावत जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में भी खेल मैदान बनाए जाने की योजना है। सरकार की इस पहल से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल संसाधनों का विस्तार होने की उम्मीद है। नए स्टेडियम और मैदान तैयार होने से स्थानीय युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

 

 

To Top