पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शुरू किए नए डिप्लोमा कोर्स..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र से कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें सबसे प्रमुख एक वर्षीय होम स्टे प्रबंधन (होम स्टे सहायक प्रबंधक) डिप्लोमा है, जिसे राज्य में तेजी से बढ़ रहे होम स्टे सेक्टर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है। ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थी श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर स्थित अध्ययन केंद्र के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
नए डिप्लोमा पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्रों को आतिथ्य प्रबंधन, पर्यटक सेवा, ग्राहक व्यवहार, विपणन और होम स्टे संचालन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सत्र से विश्वविद्यालय ने क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण की दिशा में भी नई पहल की है। अब गढ़वाली, कुमाऊनी और नेपाली भाषा में भी एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कोर्सों का उद्देश्य स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ भाषा आधारित रोजगार और शोध के अवसर उपलब्ध कराना है।
वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर के 35, स्नातक स्तर के 15, एक वर्षीय डिप्लोमा के 16 और 29 प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में विश्वविद्यालय के 80 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जबकि देहरादून परिक्षेत्र में 16 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। इस क्षेत्र में 22 महाविद्यालयों में विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र संचालित हैं। इस वर्ष विश्वविद्यालय ने सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए नेपाली छात्रों के लिए भी प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।