केदारनाथ में हुई मौसम की पहली तेज बर्फबारी..
उत्तराखंड: ठंड बढ़ने के साथ ही पहाड़ों का मौसम बदलने लगा है। उत्तराखंड में जगह-जगह बर्फबारी शुरू हो गई है। मंगलवार की सुबह केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई। जिससे धाम में दो इंच तक बर्फ जम गई है। बर्फबारी होने से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है।सुबह से लगातार बर्फ गिरते रहने की वजह से मंदिर परिसर और आसपास सभी जगह बर्फ की परत जम गई केदारनाथ धाम में सुबह से बर्फबारी के बावजूद यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं था। बर्फबारी से मंदिर परिसर में लगभग 2 इंच मोटी सफेद चादर बिछ गई। मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के बैठने के लिए रखी गई कुर्सियां तक बर्फ से ढंक गई हैं।
बर्फबारी की वजह से केदारनाथ मंदिर और आसपास के इलाकों का दृश्य बड़ा ही मनोरम दिखने लगा है। जहां तक नजर जाती है, सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। इस कारण ठंड भी बढ़ी हैं। लेकिन विश्वप्रसिद्ध मंदिर में आने वाले श्रद्धालु इससे काफी उत्साहित नजर आ रहे थे। वे बर्फबारी का आनंद लेते दिखे।
बर्फबारी होने से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। धाम पहुंचे भक्त ठंड के कारण अपने कमरों में ही दुबके रहे। कुछ भक्त बर्फबारी के बाद फोटो खिंचाते दिखे बता दें कि अभी एक नवंबर को भी धाम में बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ में बर्फबारी होने का असर मैदानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। मैदानी इलाकों में भी लोग अब गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं।
वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार को चमोली जिले में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में एक हफ्ते के दौरान ठंड और फ्लू का खतरा ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से ठंड से बचाव करने की अपील की है।तृतीय केदार तुंगनाथ में भी आज मंगलवार को बर्फबारी हुई। यहां पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है।