पीसीएस अभ्यर्थियों के लिए राहत, आयोग ने जारी किया छह भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर..
उत्तराखंड: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम जानकारी साझा करते हुए आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के अनुसार, पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच किया जाएगा। आयोग द्वारा घोषित तिथियों से हजारों अभ्यर्थियों को अपनी रणनीति तय करने में मदद मिलेगी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा की ओर से जारी विवरण के अनुसार सचिवालय और लोक सेवा आयोग में भर्ती के लिए आयोजित अपर निजी सचिव परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को प्रस्तावित है। वहीं महिला कल्याण विभाग की अधीक्षिका स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च 2025 को आयोजित की जाएगी।
न्यायिक सेवा से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए भी परीक्षा कार्यक्रम स्पष्ट कर दिया गया है। पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा 2023 का आयोजन 21 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच किया जाएगा। इसके तुरंत बाद पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल तक प्रस्तावित है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती से संबंधित परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित की गई हैं। प्रवक्ता भौतिक शास्त्र की परीक्षा 9 मई, नागरिक शास्त्र की मुख्य परीक्षा 10 मई, हिंदी की परीक्षा 30 मई और इतिहास की मुख्य परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जारी की गई सभी तिथियां संभावित हैं और प्रशासनिक कारणों से इनमें आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें। इस बीच डेयरी विकास विभाग के अंतर्गत सहायक निदेशक पद की 12 अप्रैल को प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। वहीं, समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2024 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तिथि जल्द घोषित किए जाने की संभावना है। प्रवक्ता भर्ती के शेष विषयों की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी आगामी दिनों में जारी किया जाएगा। इसके साथ ही पीसीएस 2024 के साक्षात्कार 16 मार्च से शुरू किए जाने का प्रस्ताव है। आयोग की ओर से जारी इस कैलेंडर को अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे उन्हें तैयारी की दिशा और समय-सारिणी तय करने में स्पष्टता मिलेगी।