Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने लिया विकसित उत्तराखंड का संकल्प..

स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने लिया विकसित उत्तराखंड का संकल्प..

पर्यावरण संरक्षण और रोजगार पर दिया जोर..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर 2000 उत्तराखंड के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन है। यह तारीख लंबे संघर्ष, आंदोलनकारियों के त्याग और एक अलग राज्य के सपने को साकार करने के संकल्प की याद दिलाती है। राज्यपाल ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए मातृशक्ति और राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब इन उपलब्धियों को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

सतत विकास में उत्तराखंड की उपलब्धि को बताया बड़ी सफलता
राज्यपाल ने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड के संयुक्त रूप से देश में प्रथम स्थान हासिल करने को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं, बढ़ती आर्थिक गतिविधियां और रोजगार के नए अवसर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। वहीं, समान नागरिक संहिता का क्रियान्वयन समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
राज्यपाल ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। आपातकालीन परिस्थितियों में एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाने में सहायक हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

पर्यटन और स्थानीय उत्पादों से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं
उत्तराखंड की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राज्य की बड़ी ताकत बताते हुए राज्यपाल ने पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के अलावा शीतकालीन पर्यटन, साहसिक गतिविधियों, योग, आयुर्वेद और आरोग्य पर्यटन को बढ़ावा देने से प्रदेश में सालभर पर्यटन गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने की बात कही। इसके तहत स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और लोककलाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की जरूरत बताई। इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

शिक्षा और खेल के क्षेत्र में प्रदेश ने बढ़ाया मान
राज्यपाल ने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों के 100 से अधिक पदक जीतने को राज्य की खेल प्रतिभा का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों, वैश्विक निवेशक सम्मेलन, विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और विश्व आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन जैसे बड़े आयोजनों से उत्तराखंड को देश और दुनिया में नई पहचान मिली है।

आधुनिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने की जरूरत
किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राज्यपाल ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने मिलेट्स, औषधीय पौधों और सगंध खेती को पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार आधुनिक कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन व्यवस्था को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

हिमालय और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की अपील
पर्यावरण संरक्षण को उत्तराखंड के भविष्य से जोड़ते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमालय, जंगल, नदियां और जलस्रोत प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और नदियों, जलस्रोतों तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
राज्यपाल ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल खेल, शिक्षा, योग, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में करें। अपने संदेश के अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वस्थ, स्वच्छ, जागरूक और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की अब तक की उपलब्धियां भविष्य के विकास के लिए प्रेरणा हैं और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

 

 

To Top