Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में 8,279 करोड़ के विकास कार्यों की तैयारी..

उत्तराखंड में 8,279 करोड़ के विकास कार्यों की तैयारी..

हरिद्वार-ऋषिकेश समेत 3 कॉरिडोर पर जोर..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रही बड़ी परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम आवास में उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर नई परियोजनाओं को शुरू करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि जिन योजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही ऐसी परियोजनाएं, जिनका निर्माण जल्द शुरू हो सकता है, उनके लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और अगले एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं का काम जमीन पर दिखाई देने के निर्देश दिए।

तीन कॉरिडोर पर 8,279 करोड़ रुपये के प्रस्ताव
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 1,109 करोड़ रुपये की योजनाएं वर्तमान में निर्माण और क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। अनुमान के मुताबिक, इनके माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है।

दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार कॉरिडोर के कई काम
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये के कार्य फिलहाल क्रियान्वयन के स्तर पर हैं। निर्माण कार्यों की प्रगति के अनुसार प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी हिस्से का 70 प्रतिशत और हरकी पैड़ी व सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं, रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में पुनर्विकास कार्य 45 प्रतिशत तक पहुंच गया है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का काम क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने की योजना है।

ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट और आस्था पथ का होगा विकास
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के लिए 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये के कार्यों पर काम चल रहा है। जानकी झूला के पास एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का निर्माण 39 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य है। इसके अलावा त्रिवेणी घाट के विकास पर 115.07 करोड़ रुपये, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण पर 35.78 करोड़ रुपये और चंद्रभागा पैदल पुल के निर्माण पर 32.28 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग से जुड़ी सुविधाओं और पर्यटकों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट पर 1,526 करोड़ की योजनाएं
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के लिए 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें से 340.49 करोड़ रुपये की योजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शारदा घाट के 184.20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

श्रीनगर-बेलकेदार में विकसित होगा आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन विकसित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा साहसिक पर्यटन को सुरक्षित बनाने, पर्यटक सुविधाओं का विस्तार करने और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि सभी विकास योजनाओं में संबंधित क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। परियोजनाओं में स्थानीय विशेषताओं को शामिल करने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।

To Top