Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

अराजकता का अड्डा बन रहा रुद्रप्रयाग महाविद्यालय….

कुछ अराजक छात्र सोशल मीडिया पर छात्रा को कर रहे परेशान

परिजनों को सता रही छात्रा की चिंता

रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय में छात्र राजनीति की आड़ में अराजकता का माहौल बना हुआ है। आलम यह है कि महाविद्यालय में कुछ छात्र अनैतिक हथकंडों को अपना रहा हैं और महाविद्यालय की छात्राओं को सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।

यहां जारी विज्ञप्ति में सामाजिक कार्यकर्ता श्याम लाल सुंदरियाल ने कहा कि रुद्रप्रयाग महाविद्यालय में कुछ छात्र अराजकता फैलाने में लगे हैं। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य के सामने ही सोशल मीडिया पर एक छात्रा पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर मानसिक रूप से निरंतर परेशान कर रहे हैं। ये छात्र आतंक की राजनीति पर उतर रहे हैं। महाविद्यालय में प्रशासनिक विफलता के कारण अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है, जिस कारण छात्राएं आवाज नहीं उठा पा रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्रा की ओर से प्रधानाचार्य के संज्ञान में मामला लाये जाने के बावजूद आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही न होने से उनके हौंसले बुलंद हैं।

इस कारण छात्रा ने महाविद्यालय जाना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश के दौरान छात्रा के साथ सरेआम परिसर में ही अभिभावकों के साथ ही महाविद्यालय प्रशासन के सामने इन छात्रों ने अभद्रता की। इसके बाद से ही ये छात्र छात्रा का मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। श्री सुंदरियाल ने कहा कि इनमें से कुछ छात्रों पर पुलिस प्राथमिकी भी दर्ज है, लेकिन स्थानीय राजनीति में एक प्रभावी आका के दबाव में प्रधानाचार्य द्वारा छात्रों को पुनः प्रवेश दिया गया। कहा कि अभिभावकों के सम्मुख ही ये छात्र राजनीति की आड़ में दबाव की राजनीति करते हुए धमकाते नजर आए। श्री सुंदरियाल ने कहा कि एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जा रहा है। वहीं उच्च शिक्षा के केन्द्र अनैतिक हथकण्डों की राजनीति का शिकार बनकर बेटियों की अस्मिता से ही खेल रहे हैं।

कहा कि महाविद्यालय के कुछ शरारती छात्र सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। साइबर अपराध की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने कहा कि उक्त छात्रों के विरूद्ध साइबर क्राइम में अपराध में कार्यवाही की जानी चाहिए। यदि इन छात्रों की वजह से छात्रा मानसिक एवं उत्पीड़न के कारण डिप्रेशन में कोई कदम उठाए तो यही छात्र जिम्मेदार होंगे।

वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक अजय सिंह का कहना है कि छात्रों की हरकतों के कारण छात्रा परेशान है। ये शिकायत लेकर परिजन आए थे। परिजनांे की ओर से अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच करवाई जायेगी और छात्रों पर कार्यवाही होगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top