पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक शुरू, रजिस्ट्रेशन के बिना नहीं मिलेगी एंट्री..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट को 15 अप्रैल से पर्यटकों, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के लिए पूरी तैयारी के बाद खोल दिया जा रहा हैं। यह ट्रेक रूट 15 अप्रैल यानी आज से 15 जून 2026 तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा, जिसके चलते साहसिक पर्यटन गतिविधियों में एक बार फिर रौनक लौटने की उम्मीद है। जिला पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार ट्रेक मार्ग को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यटक अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं, मार्गदर्शन व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया है, ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें एक यादगार अनुभव मिल सके।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और रोमांचक ट्रेकिंग अनुभव के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। बर्फ से ढकी ऊंची चोटियां, ग्लेशियर के मनमोहक दृश्य और रास्ते में पड़ने वाले हरे-भरे बुग्याल हर साल हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर के शौकीनों के लिए यह ट्रेक एक खास आकर्षण बना रहता है। ट्रेकिंग पर जाने वाले पर्यटकों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए बागेश्वर वन प्रभाग के हिचोड़ी और जैकुनी स्थित इको टूरिज्म पंजीकरण केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम को देखते हुए इन केंद्रों पर 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं। ट्रेकिंग के दौरान प्लास्टिक और ठोस कचरे को नियंत्रित करने के लिए पर्यटकों से सुरक्षा धनराशि (एफडीआर) जमा कराई जाएगी। ट्रेक पूरा करने के बाद निर्धारित स्थानों पर कचरा जमा कराने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी। इसके साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें और कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करते हुए इस प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखने में सहयोग करें। पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक के खुलने के साथ ही स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।