Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बर्फबारी कम होने पर शुरू होंगे केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य..

बर्फबारी कम होने पर शुरू होंगे केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य..

नवम्बर माह से कार्य पड़े हैं बंद..

धाम में होना है शंकराचार्य समाधि स्थल सहित अन्य निर्माण कार्य..

उत्तराखंड : रुद्रप्रयाग – बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य दो महीनों से बंद पड़े हुये हैं। यदि इस माह बर्फ कम होती है तो फरवरी माह से धाम में दोबारा कार्य शुरू होंगे। धाम में शंकराचार्य समाधि स्थल के अलावा घाटों का निर्माण कार्य होना है, लेकिन नवम्बर माह से सभी कार्य बंद हैं।

 

विश्व विख्यात केदारनाथ धाम में नवम्बर माह से लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण धाम में होने वाले सभी प्रकार के पुनर्निर्माण कार्य बंद पड़े हुये हैं। धाम में शंकराचार्य समाधि स्थल, मंदाकिनी नदी पर पैदल पुल, सरस्वती एवं मंदाकिनी नदी पर घाटों का निर्माण, तीर्थ पुरोहितों के लिये घरों का निर्माण आदि कार्य होने हैं, लेकिन यह सभी कार्य नवम्बर माह से बंद पड़े हुये हैं।

 

केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य में जुटी वुड स्टोन कंपनी के प्रबंधक मनोज सेमवाल ने कहा कि दिसम्बर प्रथम सप्ताह में कंपनी के मजदूर और कर्मचारी केदारनाथ से लौट आए थे। केदारनाथ में बर्फवारी हो रही है और यदि जनवरी अंत तक बर्फ कम हो जाती है तो फरवरी माह से सीमेंट को छोड़कर अन्य कार्य किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार जनवरी माह में कोई खास बर्फवारी नहीं हुई है। ऐसे में लग रहा है कि फरवरी और मार्च माह में केदारनाथ धाम में भारी बर्फवारी होगी।

 

जिलाधिकारी मनुज गोयल ने कहा कि केदारनाथ धाम में शंकराचार्य समाधि स्थल का कार्य बर्फवारी के कारण रूका पड़ा है। वुड स्टोन कंपनी कार्य को तेजी से कर रही थी, लेकिन बर्फवारी के कारण काम रूका पड़ा है। जैसे ही बर्फवारी कम होती है, निर्माण कार्य को शुरू करवा दिया जायेगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top