Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

तल्लानागपुर क्षेत्र में पुलिस चौकी खोलने की मांग..

पुलिस महानिदेशक से मिले मयकोटी के युवा प्रधान प्रदाली..

रुद्रप्रयाग: तल्लानागपुर क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और शराब के प्रचलन से क्षेत्र का माहौल खराब होने पर प्रधान मयकोटी अमित प्रदाली ने पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस चैकी खोलने की मांग की, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके और लोगों में भय का माहौल न रहे।

 

जिला मुख्यालय पहुंचे पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को सौंपे ज्ञापन में प्रधान अमित प्रदाली ने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र के अन्तर्गत दर्जनों ग्राम पंचायतें हैं, जो राजस्व क्षेत्र में हैं और इन क्षेत्रों में आये दिन चोरी की घटनाएं सामने आती हैं, जबकि शराबियों का हुड़दंग मचा रहता है। शराबियों के हुड़दंग से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी नशे की गर्त में समा रही है। राजस्व उप निरीक्षकों की ओर से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर कोई अंकुश नहीं लगाया जा रहा है, जबकि शराबियों के हुड़दंग पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।

 

प्रधान अमित प्रदाली ने कहा कि कई वर्षो में चोपता क्षेत्र पुलिस चैकी खोलने की मांग की जा रही है, मगर इस ओर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। क्षेत्र में प्रसिद्ध तीर्थस्थल भी हैं, जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। कार्तिक स्वामी, दुर्गा देवी, हरियाली देवी, तुंगनाथ मंदिर में भक्तों सालभर तक आते-जाते हैं। इसके साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी क्षेत्र काफी महत्वूर्ण है। उन्होंने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र में पुलिस चैकी की भारी आवश्यकता है। क्षेत्र में आयेदिन फेरीवाले, आईस्क्रीमवाले, कबाड़ीवाले आते रहते हैं। इन पर रोक लगाई जानी चाहिए। इन लोगों की जांच के बाद ही इन्हें क्षेत्र में जाने दिया जाय।

 

कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में शराब का प्रचलन काफी बढ़ गया है। शराब के नशे में युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। यह क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में क्षेत्र में शीघ्र पुलिस चैकी की स्थापना की जाय। वहीं पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने भरोसा दिलाया कि तल्लानागपुर क्षेत्र में जल्द ही पुलिस चैकी की स्थापना की जायेगी, जिससे क्षेत्र में शांति कायम रहे और लोगों में चोरी का भय भी खत्म हो।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top