उत्तराखंड

चंपावत दौरे पर CS आनन्द बर्द्धन ने लिया स्थलीय निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा और विकास कार्यों की प्रगति का किया मूल्यांकन..

चंपावत दौरे पर CS आनन्द बर्द्धन ने लिया स्थलीय निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा और विकास कार्यों की प्रगति का किया मूल्यांकन..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन दो दिवसीय सरकारी दौरे पर चंपावत पहुंचे, जहां उन्होंने पहले दिन टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास एवं सुरक्षा परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम, बाटनागाड़ और श्यामलाताल क्षेत्रों का विस्तृत जायजा लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से बाढ़ सुरक्षा कार्यों, तटबंधों की मजबूती, जल प्रवाह के प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों में किए जा रहे सुरक्षा उपायों की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में, गुणवत्ता के साथ और पारदर्शिता के आधार पर पूरे किए जाएं।

टनकपुर स्थित शारदा कॉरिडोर परियोजना का जमीनी निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव बर्द्धन ने प्रोजेक्ट की प्रगति, डिजाइन, और अवसंरचना की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यह परियोजना क्षेत्र के धार्मिक महत्व, पर्यटन विकास और स्थानीय आवागमन को ध्यान में रखते हुए उच्च मानकों के साथ पूरी की जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने ब्रिडकुल के अधिकारियों से 480 मीटर लंबे प्रस्तावित स्पान पुल के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुल निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक, स्थिरता, सुरक्षा मानकों और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह पुल भविष्य में टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक मजबूत संपर्क मार्ग बन सके।

आनन्द बर्द्धन ने श्यामलाताल एवं आसपास के इलाकों में पर्यटन और एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं का भी आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को संभावित स्थलों, अवसंरचना विकास और सुरक्षा मानकों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा, ताकि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके और स्थानीय युवाओं को नए रोजगार अवसर मिल सकें। मुख्य सचिव के इस निरीक्षण दौरे को चंपावत जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने कहा कि मुख्य सचिव के निर्देशों से विकास कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद है।

भू-कटाव प्रभावित क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण..

सीएस ने बूम और बाटनागाड़ क्षेत्रों में हो रहे भू-कटाव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पूर्ण चैनलाइजेशन के बाद प्रभावी बाढ़ सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। सीएस ने शारदा नदी के तट पर पहुंचकर सिंचाई विभाग को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा, ताकि बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन को मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाटनागाड़ क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और मार्ग सुधार तथा बेहतर यातायात सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने श्यामलाताल क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए Spiritual Economic Zone और Eco Tourism को मजबूत करने के लिए संभावनाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कृषि, उद्यान एवं NRLM द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और लाल चावल, मधुमक्खी पालन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा उनकी बाजार उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। सीएस बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य सुरक्षा, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किए जाएं, ताकि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटनिक विकास में तेजी लाई जा सके। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि मुख्य सचिव के दौरे से आगामी योजनाओं में गति और दिशा स्पष्ट होगी और क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top