बाल विकास की पहल से अनाथ बालिकाओं का संवरेगा भविष्य…
रुद्रप्रयाग। महिला शक्ति केंद्र बाल विकास विभाग की नवीन पहल से जनपद की 48 गरीब, अनाथ बालिकाएं स्नातक की पढ़ाई करेंगी। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत शिक्षा सुधार कार्यक्रम के तहत 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी 48 अनाथ, गरीब बालिकाओं को इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में निशुल्क प्रवेश दिलाया गया।
जानकारी देते हुए महिला कल्याण अधिकारी दीपिका कांडपाल ने बताया कि जनपद की 48 गरीब, असहाय बालिकाओं का प्रवेश बीए व बीएससी के प्रथम वर्ष कराया है। सभी बालिकाएं पढ़ाई की इच्छुक थी, मगर अपनी वित्तीय समस्या के कारण आगे की पढ़ाई नहीं कर पा रही थी। शिक्षा सुधार कार्यक्रम के तहत इन सभी बालिकाओं के विश्वविद्यालय का प्रवेश शुल्क, परीक्षा शुल्क, किताब सहित अन्य पाठ्य सामग्री का वित्तीय भार बाल विकास विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम इन बालिकाओं को शिक्षा से जुड़ने के लिए संचालित किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि इन सभी 48 बालिकाओं को स्नातक तक की पूर्ण शिक्षा दी जाए।