उत्तराखंड

चारधाम यात्रा ने पकड़ी रिकॉर्ड रफ्तार, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..

चारधाम यात्रा ने पकड़ी रिकॉर्ड रफ्तार, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच चुकी है। लगातार बढ़ रही आस्था और श्रद्धालुओं के उत्साह ने इस बार की यात्रा को अब तक की सबसे व्यस्त यात्राओं में शामिल कर दिया है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए। चारधाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इनमें सबसे अधिक आकर्षण केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के 22 दिनों के भीतर ही यहां 5.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलीकॉप्टर, पैदल और अन्य माध्यमों से धाम पहुंच रहे हैं।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित होने वाली इस यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए राज्य सरकार लगातार निगरानी बनाए हुए है। मौसम में तेजी से बदलाव की संभावना को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और स्लॉट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। धामों में दर्शन व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख पड़ावों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पुनर्निर्माण परियोजनाओं के बाद वहां का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। धाम अब पहले से अधिक भव्य और दिव्य नजर आ रहा है। यात्रा मार्गों के चौड़ीकरण और पैदल रास्तों को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के कारण यात्रा पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुगम हुई है। सरकार की ओर से मौसम पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र भी सक्रिय किया गया है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन टीमों और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है। चारधाम यात्रा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यह दर्शा रही है कि देशभर के लोगों में देवभूमि उत्तराखंड के प्रति आस्था लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में यात्रा के और अधिक रफ्तार पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top