उत्तराखंड

चमोली में बड़ा हादसा, 500 मीटर खाई में गिरा सेना का वाहन, दो जवान घायल..

चमोली में बड़ा हादसा, 500 मीटर खाई में गिरा सेना का वाहन, दो जवान घायल..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां भारतीय सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सेना के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। घायलों में एक जवान की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार सेना के जवान “सूर्य देवभूमि चैलेंज” प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर नेटवर्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चोपता क्षेत्र गए हुए थे। कार्य पूरा करने के बाद जब वे चोपता से मंडल की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे का स्थान बेहद दुर्गम और निर्जन बताया जा रहा है, जहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में राहत और बचाव कार्य में शुरुआती समय में काफी कठिनाई आई। संयोगवश, उसी दौरान चोपता से गोपेश्वर की ओर जा रहे एक वाहन चालक की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए चालक तुरंत नीचे उतरा और दोनों घायल जवानों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद स्थानीय मदद से घायलों को निजी वाहन के माध्यम से जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायलों की पहचान जाबाज सिंह(29) पुत्र जय भगवान सिंह जिला भिवानी, हरियाणा और धवन सिंह 23 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आर्मी की सिग्नल कंपनी में तैनात हैं। प्रशासन और सेना के अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं घायल जवानों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top