उत्तराखंड

Apple Festival में दिखेगा उत्तराखंड का स्वाद, देहरादून में जुटेंगे पहाड़ के खास उत्पाद..

Apple Festival में दिखेगा उत्तराखंड का स्वाद, देहरादून में जुटेंगे पहाड़ के खास उत्पाद..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देहरादून में दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ का आयोजन किया जा रहा है। नाबार्ड के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से यह आयोजन 8 और 9 अक्टूबर को आईटी पार्क स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में होगा। आम लोग सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक महोत्सव में पहुंचकर उत्पाद खरीद सकेंगे। महोत्सव का उद्घाटन 8 अक्टूबर को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन करेंगे। कार्यक्रम में कृषि विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों समेत कई अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

हर्षिल से रामगढ़ तक के सेब होंगे आकर्षण
महोत्सव में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में तैयार होने वाले उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी। हर्षिल, चकराता और रामगढ़ क्षेत्र के ए-ग्रेड सेब बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इनमें रॉयल डिलीशियस, गोल्डन डिलीशियस, गाला और रेड डिलीशियस जैसी किस्में शामिल हैं। इसके साथ ही कपकोट और रामगढ़ के कृषक उत्पादक संगठनों से जुड़े किसानों की ओर से तैयार की गई कीवी भी यहां खरीदी जा सकेगी। प्राकृतिक तरीके से तैयार की गई कीवी को भी महोत्सव में प्रमुख उत्पाद के तौर पर शामिल किया गया है।

घी, शहद से लेकर हस्तशिल्प तक
सेब महोत्सव में सिर्फ फलों की बिक्री ही नहीं होगी। यहां ताजी सब्जियों के साथ देशी घी, जैविक सरसों का तेल, जैविक गुड़, दालें, हिमालयी शहद और अन्य प्राकृतिक उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे। स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कला को भी महोत्सव में जगह दी गई है। आगंतुकों को उत्तराखंड के जीआई टैग वाले उत्पादों के अलावा ऐपण कला, ताम्र शिल्प और रिंगाल से बने उत्पाद देखने और खरीदने का मौका मिलेगा। नाबार्ड के सहयोग से संचालित विकास परियोजनाओं से जुड़े किसान, जनजातीय समुदाय और कृषक उत्पादक संगठन इस आयोजन में अपने उत्पाद लेकर पहुंचेंगे। इसका उद्देश्य उत्पादकों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। महोत्सव के जरिए उत्तराखंड के पर्वतीय कृषि उत्पादों, पारंपरिक वस्तुओं और ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। नाबार्ड ने देहरादून और आसपास के लोगों से परिवार के साथ महोत्सव में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को देखने और खरीदने की अपील की है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top