उत्तराखंड

पहाड़ के उत्पादों को मिला ब्रांड का सहारा, 5,500 महिलाओं को हो रहा फायदा..

पहाड़ के उत्पादों को मिला ब्रांड का सहारा, 5,500 महिलाओं को हो रहा फायदा..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की कोशिश अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर पैदा कर रही है। राज्य के पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को एक ब्रांड के तहत बाजार उपलब्ध कराने वाले ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने अपनी शुरुआत के बाद करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। इस ब्रांड को दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता और ब्रांडिंग के साथ देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।

83 उत्पाद ब्रांड के दायरे में
हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत फिलहाल 83 उत्पादों को शामिल किया गया है। इनमें 60 विशिष्ट उत्पाद भी हैं। पहाड़ी दालें, अनाज, मिलेट्स, मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल उत्पाद, पर्सनल केयर आइटम, बेकरी उत्पाद और हस्तशिल्प इसके प्रमुख वर्गों में शामिल हैं। ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को बाजार की जरूरत के अनुसार तैयार कर उनकी पैकेजिंग और प्रस्तुति पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे छोटे उत्पादकों और ग्रामीण स्तर पर काम करने वाले समूहों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

5,500 से ज्यादा महिलाओं को फायदा
हाउस ऑफ हिमालयाज की खासियत इसका महिला-केंद्रित मॉडल भी है। ब्रांड से जुड़े 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से करीब 5,500 ग्रामीण महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से इससे जुड़ी हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों की बिक्री बढ़ने के साथ इन महिलाओं के लिए आय के नए अवसर भी बन रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद अब केवल उत्तराखंड के बाजारों तक सीमित नहीं हैं। इन्हें Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदा जा सकता है। वहीं Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी ब्रांड के कई उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके साथ ही ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी पहुंच बढ़ाई जा रही है और Amazon Global के माध्यम से अमेरिका तथा कनाडा के बाजारों में उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हाउस ऑफ हिमालयाज को उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि ब्रांड के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनकी आय बढ़ाने पर भी फोकस किया जा रहा है।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top