उत्तराखंड

UKSSSC ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर निकाली भर्ती..

UKSSSC ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर निकाली भर्ती..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://sssc.uk.gov.inपर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोग की ओर से जारी भर्ती विवरण के अनुसार, स्केलर के कुल 200 पदों में 105 पद सामान्य श्रेणी के लिए रखे गए हैं। अनुसूचित जाति के लिए 39, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 21 और अनुसूचित जनजाति के लिए आठ पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, पूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और राज्य आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।

इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। उत्तराखंड के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। स्केलर पदों पर चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में शारीरिक मानक और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा केवल अर्हकारी होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को इसके बाद शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में हिस्सा लेना होगा।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण में लिखित परीक्षा देनी होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा वस्तुनिष्ठ और ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसमें अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग की जाएगी। आयोग ने आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 26 और 27 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है। वहीं शारीरिक दक्षता परीक्षा की अनंतिम शुरुआत 19 नवंबर से प्रस्तावित की गई है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा। उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये रखा गया है, जबकि अनाथ अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद आयोग की वेबसाइट http://sssc.uk.gov.inपर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी पात्रता शर्तों और दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ना जरूरी होगा।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top