समूह-ग की 7 भर्तियों का नया कैलेंडर जारी, 101 पदों पर निकली भर्ती..
उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्तियों को लेकर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है। आयोग की ओर से मंगलवार को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया। इसके साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक समेत विभिन्न पदों पर 101 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्टूबर को आयोजित होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने के बजाय पहले कर दी गई है। इन पदों की परीक्षा अब 20 सितंबर को होगी, जबकि पहले इसे 18 अक्टूबर को प्रस्तावित किया गया था। इसी तरह सहायक लेखाकार की परीक्षा अब 4 अक्टूबर के स्थान पर 1 नवंबर को होगी। वैयक्तिक सहायक पद की परीक्षा की तिथि भी बदली गई है। अब यह परीक्षा 1 नवंबर के बजाय 20 दिसंबर को प्रस्तावित है। आयोग के अनुसार विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा 17 जनवरी को ही आयोजित की जाएगी। पिछले परीक्षा कैलेंडर में वर्ष को लेकर हुई त्रुटि को भी दुरुस्त किया गया है। इसमें 2026 की जगह अब 2027 अंकित किया गया है।
101 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू
UKSSSC ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर सहित अन्य समूह-ग के पदों पर कुल 101 रिक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 14 सितंबर से 14 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 17 से 19 अक्टूबर के बीच संशोधन का मौका दिया जाएगा। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर निर्धारित की गई है। भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में की जाएगी। इसमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 पद और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। शैक्षिक योग्यता के तौर पर 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही हिंदी टाइपिंग में 80 शब्द प्रति मिनट की गति निर्धारित की गई है। आशुलिपिक पद के लिए भी 12वीं पास होना जरूरी है। अभ्यर्थी को हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट की गति के साथ 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड हासिल करनी होगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 150 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा।