उत्तराखंड के सरकारी दफ्तरों में होगी आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग..
सुरक्षा के लिए बनेगी विशेष समिति..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर पहल शुरू की है। अब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, निगमों, निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में आपदा प्रबंधन से जुड़े पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। राज्य सरकार ने हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने इस संबंध में सभी विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी संस्थानों को आपदा के लिहाज से अधिक सुरक्षित बनाना और कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन की याद में होगा आयोजन
28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने के पीछे उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। नवंबर 2023 में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद 28 नवंबर को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस सफल अभियान से मिले अनुभवों को संस्थागत स्तर पर अपनाने और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने इस दिन को विशेष रूप से मनाने का फैसला किया है।
सरकारी दफ्तरों में बनेगी विशेष आपदा प्रबंधन समिति
सरकार के निर्देशों के तहत सभी सरकारी कार्यालयों और विभागों में तीन से पांच सदस्यों वाली समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां संबंधित भवनों में आग लगने, शॉर्ट सर्किट, भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य संभावित खतरों का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के बाद समिति सुरक्षा संबंधी कमियों और उनसे बचाव के उपायों की रिपोर्ट कार्यालय प्रमुख को सौंपेगी। इसके आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी वैधता, रिफिलिंग और पानी के स्रोतों की स्थिति की भी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कर्मचारियों के मोबाइल में डाउनलोड होंगे भूदेव और सचेत ऐप
आपदा के दौरान समय रहते सतर्कता बरतने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। सभी कर्मचारियों को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का भूदेव ऐप डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इस ऐप के माध्यम से भूकंप आने पर संभावित रूप से 5 से 30 सेकंड पहले चेतावनी मिलने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा मौसम और अन्य आपदाओं से संबंधित अलर्ट प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार के सचेत ऐप को भी मोबाइल में इंस्टॉल करना अनिवार्य किया जा रहा है।
25 से 27 नवंबर तक होगी मॉक ड्रिल
आपातकालीन परिस्थितियों में कर्मचारियों की तैयारी परखने के लिए 25 से 27 नवंबर के बीच सभी संबंधित कार्यालयों और संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें सुरक्षित निकासी, बचाव के तरीकों और आपदा के दौरान जरूरी सावधानियों का अभ्यास कराया जाएगा। इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, अस्पताल, वन विभाग, ऊर्जा निगम और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न संस्थानों को शामिल किया गया है।
शिक्षण संस्थानों में होंगी जागरूकता गतिविधियां
आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर 28 नवंबर को स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता से जुड़े शिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रबंधन दिवस के आयोजन के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी तैयारियां भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। सरकार की इस पहल के जरिए प्रदेश में आपदा से पहले तैयारी, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और जनहानि को कम करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

