ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर हादसा..
तीन पैराफिट तोड़ खाई में समाया ट्रक..
उत्तराखंड: ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ईंटों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे तीन पैराफिट तोड़ते हुए करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार महादेव चट्टी क्षेत्र स्थित गर्तांगली ढाबे के संचालक सुमित ने रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही देवप्रयाग कोतवाली और बछेलीखाल चौकी पुलिस की टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ऋषिकेश से हेलंग, चमोली की ओर जा रहा था। तोताघाटी के समीप अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। घटनास्थल के निरीक्षण में सड़क पर टायरों के निशान मिले, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रक अपनी लेन से दूसरी ओर चला गया और पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
घटनास्थल पर गहरा अंधेरा और खड़ी ढलान होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने देर रात करीब दो बजे घायल चालक को खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। घायल चालक की पहचान अजय क्षेत्री (24) के रूप में हुई है। हादसे में उसके हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
कोतवाल प्रमोद बहुगुणा ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात का समय और गहरी खाई होने के बावजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ट्रक मालिक सुरेंद्र राणा, निवासी श्यामपुर ऋषिकेश, और चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।