उत्तराखंड

उत्तराखंड के तीन नगर निकायों में चुनाव का ऐलान, अधिसूचना जारी..

उत्तराखंड के तीन नगर निकायों में चुनाव का ऐलान, अधिसूचना जारी..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में तीन नगर निकायों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को टिहरी जिले की नगर पालिका नरेंद्रनगर, ऊधमसिंह नगर की नगर पंचायत गढ़ी नेगी और चंपावत जिले की नगर पंचायत पाटी में निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के बाद अब जिला प्रशासन स्तर पर भी चुनाव संबंधी औपचारिक अधिसूचनाएं जारी की जाएंगी। आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 27 मई से 29 मई तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 31 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 1 जून को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा, जिसके साथ ही चुनाव प्रचार पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार तीनों निकायों में मतदान 9 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद 11 जून को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

तीनों निकायों के कुल 18 वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आयोग के आंकड़ों के अनुसार इन निकायों में कुल 10,251 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की सीमा भी निर्धारित कर दी है। दस वार्ड तक की नगर पालिका में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अधिकतम छह लाख रुपये तक चुनाव खर्च कर सकेंगे, जबकि सदस्य पद के प्रत्याशियों के लिए यह सीमा 80 हजार रुपये तय की गई है। वहीं नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए खर्च सीमा तीन लाख रुपये और सदस्य पद के लिए 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मतपत्रों के रंग भी अलग-अलग तय किए गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हरे रंग का मतपत्र इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र रहेगा। सभी सदस्य पदों के लिए सफेद रंग के मतपत्र का उपयोग किया जाएगा।निकाय चुनाव की घोषणा के बाद संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। स्थानीय स्तर पर दावेदार सक्रिय हो गए हैं और राजनीतिक दलों ने भी संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के साथ इन क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ने की संभावना है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top