चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 23 दिनों में 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। यात्रा शुरू होने के महज 23 दिनों के भीतर ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 11 लाख के पार पहुंच गई है। कठिन मौसम, बारिश और पहाड़ों में बढ़ती ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। खासकर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा शुरू होते ही मौसम ने कई बार चुनौती पेश की। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण यात्रियों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे ये मुश्किलें भी छोटी साबित हो रही हैं।
केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में इस समय भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दोनों धामों में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। यात्रा मार्गों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रशासन और यात्रा से जुड़े विभाग लगातार व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक केदारनाथ धाम में 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं बद्रीनाथ धाम में 2.70 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए हैं। गंगोत्री धाम में करीब 1.65 लाख और यमुनोत्री धाम में 1.69 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यात्रा पंजीकरण का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 32.75 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। चारधाम यात्रा इस बार सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बन रही, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिए भी नई ऊर्जा लेकर आई है। होटल, ढाबे, टैक्सी सेवाएं और स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ गई है। वहीं प्रशासन लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।