उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा में सख्ती, डीएम विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

केदारनाथ यात्रा में सख्ती, डीएम विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

 

 

 

 

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया है। देर शाम वे केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछले दो दिनों की यात्रा का फीडबैक लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों के अनुभवों को गंभीरता से सुना। इस दौरान यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर एवं सब-सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और सुलभ विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार पूरी तरह सौम्य और विनम्र होना चाहिए, ताकि यात्रा का अनुभव सकारात्मक बना रहे। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास किसी भी यूट्यूबर या ब्लॉगर द्वारा ड्रोन उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक या दुष्प्रचार सामग्री पर कड़ी नजर रखी जाए। इस संबंध में जिला सूचना अधिकारी को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सुलभ सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के लिए कहा गया है। किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारियों को प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं को शीघ्र एवं सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top