चारधाम यात्रा से पहले अपडेट होगी बीकेटीसी वेबसाइट..
धामों की हर जानकारी होगी एक क्लिक पर..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को बेहतर डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अपनी आधिकारिक वेबसाइट को पूरी तरह अपग्रेड करने में जुटी है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा और पूजा से जुड़ी हर जरूरी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से मिल सके। यात्रा शुरू होने से पहले वेबसाइट के नए स्वरूप में सभी अपडेटेड सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बीकेटीसी के अंतर्गत संचालित बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम समेत कुल 47 मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्थाएं समिति द्वारा संचालित की जाती हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु इन धामों में पहुंचते हैं, लेकिन लंबे समय से वेबसाइट अपडेट न होने के कारण उन्हें पूजा बुकिंग, दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भर रहना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब वेबसाइट को आधुनिक तकनीक के अनुसार विकसित किया जा रहा है। नए प्लेटफॉर्म पर श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना की विभिन्न व्यवस्थाओं, विशेष पूजा के शुल्क, ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया, मंदिरों के दर्शन समय, यात्रा से जुड़ी दिशा-निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही बीकेटीसी के विश्राम गृहों की बुकिंग और उपलब्धता की जानकारी भी ऑनलाइन दी जाएगी, जिससे यात्रियों को योजना बनाने में आसानी होगी।
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार वेबसाइट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को पारदर्शी और सुगम सेवा प्रदान करना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के मजबूत होने से न केवल जानकारी तक पहुंच आसान होगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में भी मदद मिलेगी। चारधाम यात्रा के बढ़ते दायरे और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यह पहल काफी अहम मानी जा रही है। नई वेबसाइट के माध्यम से यात्रा से जुड़ी अनिश्चितताओं को कम करने और श्रद्धालुओं को पहले से ही पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनकी यात्रा अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बन सके।