उत्तराखंड

देहरादून में बड़ा हादसा, बेकाबू कार ने मचाया कहर, कई वाहनों को टक्कर मार घर में घुसी..

देहरादून में बड़ा हादसा, बेकाबू कार ने मचाया कहर, कई वाहनों को टक्कर मार घर में घुसी..

 

 

 

 

 

उत्तराखंड: देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओल्ड सर्वे रोड की ओर से आ रही बेकाबू एसयूवी ने पहले सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मारी और फिर एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। सबसे पहले कार ने सड़क पर चल रही एक कार को टक्कर मारी, इसके बाद भी चालक नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान अन्य वाहनों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे का सिलसिला यहीं नहीं थमा। कुछ ही दूरी पर कार ने रफ्तार और बढ़ा दी और सीधे एक मकान की दीवार और मुख्य दरवाजा तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर के भीतर खड़ी एक कार और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि उस समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, वरना घटना और गंभीर हो सकती थी। इस हादसे में दो बाइक सवार और एक कार सवार घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन की तेज गति और नियंत्रण खोने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि चालक ने इतनी तेज रफ्तार क्यों अपनाई और क्या वह नशे में था या किसी अन्य कारण से वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top