Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

देहरादून के मोती बाजार में कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, दुकानों में मचा हड़कंप..

देहरादून के मोती बाजार में कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, दुकानों में मचा हड़कंप..

 

 

 

उत्तराखंड: राजधानी देहरादून के व्यस्त मोती बाजार में सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। घंटाघर के नजदीक देवकी कॉम्प्लेक्स में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसकी चपेट में कपड़ों के शोरूम बालाजी ड्रेस एम्पोरियम के साथ ही परिसर में मौजूद एक फर्नीचर की दुकान भी आ गई। हादसे में दुकानों में रखा सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह देवकी कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग फैलने लगी और दुकानों में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कपड़ों और फर्नीचर की दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हलचल बनी रही।

 

 

To Top