उत्तराखंड पुलिस के नौ अधिकारी-कर्मचारी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित, दो को विशिष्ट सेवा सम्मान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड पुलिस के लिए यह गर्व का क्षण है। राज्य के नौ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस सूची में आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और डॉ. सदानंद दाते को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा, जबकि शेष अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के आधार पर यह सम्मान मिलेगा। डॉ. सदानंद दाते का नाम सीबीआई कोटे के माध्यम से प्रस्तावित किया गया था। वे करीब सात वर्षों तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में अपने कार्य से विशिष्ट पहचान बनाई।
इसके अतिरिक्त, सात अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें फायर सर्विस के दो कर्मी भी शामिल हैं, जिनकी सेवाओं को विशेष रूप से सराहा गया है। इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने सभी चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत है। डीजीपी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिसकर्मी इसी समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे। राष्ट्रपति पदक की यह घोषणा उत्तराखंड पुलिस के पेशेवर कार्य, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने के रूप में देखी जा रही है।
इन्हें मिलेगा सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक
प्रबोध कुमार घिल्डियाल, डीएसपी, रुद्रप्रयाग।
शिवराज सिंह, डीएसपी, चम्पावत।
ज्योति चौहान, इंस्पेक्टर विजिलेंस, सेक्टर देहरादून।
सुभाष चन्द्र, इंस्पेक्टर इंटेलीजेंस,
साजिद अली, एएसआई, पुलिस मुख्यालय।
फायर सर्विस से
गिरीश चंद्र लोहानी, लीडिंग फायरमैन, देहरादून।
मुकेश कुमार पोखरियाल, लीडिंग फायरमैन, देहरादून।
दो सिविल डिफेंस वार्डनों को राष्ट्रपति पदक
मीना मोहन शर्मा, सेक्टर वार्डन
रविंद्र मोहन काला, डिप्टी डिविजनल वार्डन