Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

केदारनाथ धाम में बिजली व्यवस्था होगी और दुरुस्त, यूपीसीएल बनाएगा अत्याधुनिक 33 केवी सब स्टेशन..

केदारनाथ धाम में बिजली व्यवस्था होगी और दुरुस्त, यूपीसीएल बनाएगा अत्याधुनिक 33 केवी सब स्टेशन..

 

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में अब बिजली की व्यवस्था और अधिक सशक्त व विश्वसनीय बनने जा रही है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) यहां अत्याधुनिक तकनीक से लैस 33/11 केवी सब स्टेशन का निर्माण करने जा रहा है। इस बिजलीघर के तैयार होने से धाम क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार का कहना है कि केदारनाथ में नया 33/11 केवी बिजलीघर अत्याधुनिक उपकरणों और नवीनतम तकनीक से बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि इसे जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचते हैं। यात्रा सीजन के दौरान बिजली की मांग कई गुना बढ़ जाती है, ऐसे में इस नए सब स्टेशन से न केवल धाम क्षेत्र बल्कि आसपास के इलाकों में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। बिजलीघर के बन जाने से केदारनाथ धाम में रोशनी से जगमग माहौल बनेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यूपीसीएल का यह कदम प्रदेश में ऊर्जा आपूर्ति के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि साबित होगा।

यह आधुनिक सब स्टेशन न केवल धाम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को स्थिर बनाएगा, बल्कि प्रतिकूल मौसम या आपातकालीन परिस्थितियों में भी त्वरित विद्युत बहाली सुनिश्चित करेगा। इस परियोजना के तहत स्थापित होने वाला नया बिजलीघर कुल 2×5 एमवीए क्षमता का होगा। इसमें उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर, आधुनिक सुरक्षा उपकरण और उन्नत नियंत्रण प्रणाली शामिल की जा रही है, जिससे केदारनाथ में बिजली की गुणवत्ता और स्थिरता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा कि यह बिजलीघर केदारनाथ क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यूपीसीएल प्रदेश के दुर्गम और ऊंचाई वाले इलाकों तक भी आधुनिक विद्युत सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। प्रबंध निदेशक ने कहा कि केदारनाथ धाम प्रदेश की धार्मिक आस्था का केंद्र है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए यूपीसीएल ने इस अत्याधुनिक बिजलीघर के निर्माण की योजना बनाई है। बिजलीघर के पूरा होने से केदारनाथ धाम में रोशनी से जगमग माहौल बनेगा और तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी स्थायी बिजली सुविधा का लाभ मिलेगा। यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा अवसंरचना को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top