Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उच्च शिक्षा के 10 हजार छात्रों को हर साल मिलेगा कैंपस प्लेसमेंट- डॉ. धन सिंह रावत..

उच्च शिक्षा के 10 हजार छात्रों को हर साल मिलेगा कैंपस प्लेसमेंट- डॉ. धन सिंह रावत..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के राजकीय विश्वविद्यालयों में अब उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर तैयार किया जा रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर साल प्रदेश के 10 हजार छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह घोषणा राजपुर रोड स्थित दो दिवसीय चिंतन शिविर “शिक्षा संवाद” में बतौर मुख्य अतिथि की। मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अंतिम वर्ष में कैंपस इंटरव्यू आयोजित कराए जाएंगे, ताकि उन्हें विभिन्न कंपनियों में रोजगार का अवसर मिल सके। उनका लक्ष्य है कि इन छात्रों को औसतन एक लाख रुपये प्रतिमाह तक का पैकेज दिलाया जाए, जिससे वे “लखपति विद्यार्थी” बनकर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकें।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य में विद्यालयी शिक्षा विभाग के तहत पहले से ही 500 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, जिनसे हर साल हजारों छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए रोजगार मिल रहा है। अब इसी मॉडल को उच्च शिक्षा संस्थानों में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विश्वविद्यालय उद्योग जगत से जुड़कर छात्रों के लिए अधिक से अधिक रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम विकसित करें। इस दिशा में विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक घरानों के साथ साझेदारी की जा रही है। उत्तराखंड में यह पहल न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि प्रदेश को “शिक्षा से रोजगार” की दिशा में आगे बढ़ाने वाला एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के प्रत्येक राजकीय विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालय को अब कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन अनिवार्य रूप से करना होगा, ताकि विभिन्न विषयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को उनके पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में ही योग्यतानुसार रोजगार मिल सके। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इसके लिए हर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय को अपने परिसर में प्लेसमेंट सेल का गठन करना अनिवार्य होगा, जो कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर छात्रों को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग एवं नैक ग्रेडिंग (NAAC Grading) में सुधार के लिए विशेष ध्यान दें, ताकि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था देश में एक मजबूत पहचान बना सके।

चिंतन शिविर के पहले दिन “गुणवत्तायुक्त उच्च शिक्षा के नवीन आयाम” विषय पर शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। सत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020), कौशल आधारित शिक्षा, शिक्षण पद्धति में नवाचार, छात्रों की अपेक्षाएं, आधारभूत संरचना और डिजिटल गैप, तथा शिक्षकों की गुणवत्ता अभिवृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री रावत ने कहा कि इन विषयों पर किए जा रहे प्रयासों से राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली को नई दिशा मिलेगी और उत्तराखंड को “शिक्षा से रोजगार” की दिशा में एक अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य पूरा होगा।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top