बुजुर्ग महिला को तेंदुए ने बनाया निवाला….
दो दिन में दूसरी घटना से गांव में दहशत….
उत्तराखंड : अल्मोड़ा के भैंसियाछाना ब्लॉक के डूंगरी गांव में बीते दिन ढाई साल के बच्चे को निवाला बनाने के अगले ही दिन बुधवार को एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को भी तेंदुए ने शिकार बना लिया। महिला मंगलवार शाम से घर से लापता थी। बुधवार की देर शाम जंगल में ही उसका शव मिला।
डूंगरी में आदमखोर तेंदुए ने दो दिनों के भीतर दूसरा शिकार किया है। मंगलवार शाम डूंगरी में ढाई वर्षीय हर्षित को मां की गोद से उठा लिया था। बाद में उसका शव घर से तीन सौ मीटर दूर जंगल में मिला था। मंगलवार की देर शाम डूंगर गांव में 75 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्धा आनंदी पत्नी स्व. हरी राम अचानक घर से गायब हो गई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला घर में अकेली रहती थी। बुधवार को ग्रामीणों ने पूरे दिन उसकी खोजबीन की लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चल पाया। बुधवार देर शाम महिला का शव घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर गधेरे में मिला। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर में तेंदुए के पंजे और दांत के निशान हैं।
उसका आधा शरीर तेंदुए ने खाया हुआ था। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी संचिता वर्मा घटनास्थल के लिए रवाना हुई। महिला की दो पुत्रियों की शादी होने के बाद से महिला अकेले ही रहती थी। दो दिन के भीतर हुई दूसरी घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र ही तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई है।