Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

दुखद : बेटे की दर्दनाक मौत का गम नहीं सह पाए पिता, शव घर पहुंचते ही निकले पिता के प्राण…..

दुखद : बेटे की दर्दनाक मौत का गम नहीं सह पाए पिता, शव घर पहुंचते ही निकले पिता के प्राण…..

उत्तराखंड : रविवार को हुए च्युरानी सड़क हादसे में मृतक कृष्ण चंद्र जोशी निवासी मिरतोली का शव देख उनके पिता हेतराम जोशी को हार्ट अटैक आ गया। जिसके बाद उनकी मौत हो गई। कृष्ण का शव देर रात करीब 12 बजे घर पहुंचा। जिसे देख हेतराम खुद को संभाल नहीं पाए। दो मौतों से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

शव यात्रा में मिर्तोली से रामेश्वर घाट जा रही पिकअप (जीप) टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर च्यूरानी (बसौन मोड़) में करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। ड्राइवर सहित छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोगों की लोहाघाट सीएचसी में मौत हुई। हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि चार घायलों को देहरादून से भेजे गए हेलीकॉप्टर से जबकि दो को 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस और फायर बिग्रेड के राहत दल ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को गहरी खाई से निकाला। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल का कहना है कि मालवाहक वाहन के ओवरलोड होने के साथ ही बारिश की वजह से सड़क का ऊबड़ खाबड़ होना पहली नजर में दुर्घटना का कारण लग रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। जिलाधिकारी ने दुर्घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

रविवार करीब 11.15 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट से 22 किमी दूर च्यूरानी के पास मिर्तोली की वृद्धा खीमा देवी (70) के शव को अंतिम संस्कार के लिए रामेश्वर ले जा रही पिकअप बेकाबू होकर करीब 300 मीटर खाई में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही लोहाघाट और पिथौरागढ़ से 108 एंबुलेंस, अग्निशमन दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। डीएम रणवीर सिंह चौहान, एसपी धीरेंद्र गुंज्याल, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम आरसी गौतम, थानाध्यक्ष मनीष खत्री दलबदल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस दल और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों से लोहाघाट सीएचसी लाया गया। लोहाघाट के अलावा चंपावत और बाराकोट के डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज किया। शवों को बाराकोट अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम सोमवार को होगा। इससे पूर्व दरोगा देवेंद्र मेहता, रमेश चंद्र तिवारी, हरीश चंदोला और बबीता ने पंचनामा भरा। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा और विधायक पूरन सिंह फर्त्याल चंपावत का कार्यक्रम छोड़ सीधे मौके पर पहुंच गए थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top