देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के पास नहर में दो हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया।
देहरादून : बसंत विहार थाना क्षेत्र के बनियावाला सड़क के पास नहर में दो ग्रेनेड मिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। बम डिस्पोजल स्क्वाड ने दोनों हैंड ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया है। पुलिस को सूचना मिली कि बनियावाला सड़क के पास नहर में दो पिन वाले बम पड़े हैं। इस पर तत्काल थानाध्यक्ष बसंत विहार मय फोर्स के बनियावाला सड़क किनारे नहर के पास पहुंचे। यहां उन्हें नहर में दो हैंड ग्रेनेड पड़े मिले। जिन पर सेफ्टी पिन लगी थी। तत्काल मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) को बुलाया गया।
दोनों ग्रेनेड को बम डिस्पोजल स्क्वाड ने जांचा और उन्हें अनपिन (निष्क्रिय) किया गया। दोनों हैंड ग्रेनेड सुरक्षित स्थिति में पाए गए और दोनों हैंड ग्रेनेड से किसी भी प्रकार का खतरा न होने के संबंध में बीडीएस टीम द्वारा बताया गया। उक्त घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गयी और उक्त प्रकरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई।