उत्तराखंड

युवाओं के लिए धामी सरकार की नई पहल, अब घर बैठे मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग..

युवाओं के लिए धामी सरकार की नई पहल, अब घर बैठे मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही घर बैठे निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिल सकती है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना है, ताकि महंगी कोचिंग उनके लिए बाधा न बने।

इन परीक्षाओं की तैयारी होगी शामिल

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (PCS) की परीक्षाओं के साथ-साथ CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने की योजना है। योजना का सबसे बड़ा फायदा प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है। ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग उपलब्ध होने से ऐसे छात्र भी विशेषज्ञ शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच बना सकेंगे, जिन्हें अपने शहर या गांव से बाहर जाकर कोचिंग लेने में परेशानी होती है। गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में योजना को लेकर चर्चा की गई थी। अब सरकार इसे जल्द लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। योजना के प्रभावी संचालन से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और समान अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top