जानकी सेतु के पास नदी के टापू पर फंसा युवक..
SDRF ने रात में सुरक्षित निकाला..
उत्तराखंड: जानकी सेतु के पास देर रात उस वक्त स्थिति गंभीर हो गई, जब एक युवक नदी के बीच बने टापू पर फंस गया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरे और नदी के बहाव के बीच जवान टापू तक पहुंचे और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया कि ढालवाला चौकी से एसडीआरएफ पोस्ट को युवक के नदी के बीच फंसे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम अपने साथ जरूरी बचाव उपकरण भी लेकर गई थी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जवानों ने पहले नदी के बहाव और आसपास की परिस्थितियों का जायजा लिया। इसके बाद सुरक्षित तरीके से टापू तक पहुंचने की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद टीम युवक तक पहुंचने में सफल रही और उसे सुरक्षित नदी किनारे ले आई। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान 19 वर्षीय आयुष भंडारी के रूप में हुई है। वह चमोली जिले के कर्णप्रयाग का रहने वाला है और कुलदीप भंडारी का पुत्र है। रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। रात के समय नदी के बीच फंसने की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई एसडीआरएफ टीम की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।