Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन से करें 7 ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत के तीर्थों के दर्शन..

आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन से करें 7 ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत के तीर्थों के दर्शन..

 

 

उत्तराखंड: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए विशेष “भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन” का संचालन करने जा रहा है। इस ट्रेन के जरिए यात्रियों को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी अधिकारियों ने यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की। आईआरसीटीसी अधिकारियों के अनुसार पहली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 12 जून को योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन हरिद्वार और मुरादाबाद होते हुए विभिन्न धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा 23 जून को वापस योगनगरी ऋषिकेश पहुंचकर समाप्त होगी।

आईआरसीटीसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर वायु नंदन शुक्ला ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैकेज का किराया स्लीपर से एसी श्रेणी तक करीब 24 हजार रुपये से 54 हजार रुपये तक रखा गया है। पैकेज में यात्रियों को नाश्ता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, यात्रियों को ईएमआई की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे वे आसान किस्तों में भुगतान कर सकेंगे।

इसके साथ ही 29 जुलाई से दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन भी शुरू किया जाएगा। यह ट्रेन दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इस यात्रा का किराया भी 24 हजार रुपये से 54 हजार रुपये के बीच निर्धारित किया गया है। आईआरसीटीसी द्वारा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें भूटान, सिंगापुर, मलेशिया, नेपाल, बाली, वियतनाम और श्रीलंका जैसे देशों की हवाई यात्रा शामिल है। वहीं देश के भीतर धर्मशाला, खज्जियार, कश्मीर, दार्जिलिंग, चार शक्तिपीठ, ज्योतिर्लिंग यात्रा, हम्पी, लद्दाख, केरल, अंडमान और मैसूर-ऊटी जैसे पर्यटन स्थलों के लिए भी विशेष पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आईआरसीटीसी का उद्देश्य यात्रियों को किफायती दरों में सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार धार्मिक पर्यटन का अनुभव उपलब्ध कराना है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top