उत्तराखंड

उत्तराखंड को मिलेगा पहला खेल विश्वविद्यालय, जल्द साकार होगा सपना..

उत्तराखंड को मिलेगा पहला खेल विश्वविद्यालय, जल्द साकार होगा सपना..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय को लेकर अब तैयारियां रफ्तार पकड़ती नजर आ रही हैं। प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में विश्वविद्यालय निर्माण के लिए स्वीकृत भूमि का निरीक्षण किया और मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने इस परियोजना को प्रदेश के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमि केवल एक निर्माण स्थल नहीं है, बल्कि यह वर्षों के संकल्प, योजना और समर्पण का परिणाम है। यहां स्थापित होने वाला खेल विश्वविद्यालय उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने का मंच प्रदान करेगा।

जल्द शुरू हो सकती हैं कक्षाएं..

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। एकेडमिक ब्लॉक और प्रशासनिक भवन लगभग तैयार हो चुके हैं और सरकार की योजना आगामी सत्र से यहां शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार साबित होगी और प्रदेश में खेल शिक्षा को एक नई दिशा देगी। इस दौरान उन्होंने इस परियोजना को आगे बढ़ाने में सीएम धामी के प्रयासों की भी सराहना की। उनके अनुसार सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

खिलाड़ियों से मुलाकात, तैयारियों का लिया जायजा..

भूमि निरीक्षण के बाद खेल मंत्री ने सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए चल रहे प्रशिक्षण शिविर का भी दौरा किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की बालक और बालिका टीमें आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगी और राज्य का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास पर ध्यान देने की सलाह भी दी। निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, लीलावती जोशी, सुनील कुमार, राहुल यादव और कोच गोविंद लटवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे। सभी अधिकारियों ने निर्माण कार्य और खेल गतिविधियों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। विशेषज्ञों का मानना है कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से उत्तराखंड में खेलों के लिए बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। इससे न केवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि खेल शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित होंगे। फिलहाल सरकार की प्राथमिकता इस परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने की है, ताकि प्रदेश के युवाओं को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top