उत्तराखंड

उत्तराखंड रजत जयंती समारोह में महिलाओं की भूमिका पर गूंजेगी चर्चा, ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां पूरी रफ्तार पर..

उत्तराखंड रजत जयंती समारोह में महिलाओं की भूमिका पर गूंजेगी चर्चा, ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां पूरी रफ्तार पर..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में महिलाओं की उपलब्धियों, संघर्षों और भविष्य की भूमिका पर केंद्रित एक विशेष राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड की महिला शक्ति के योगदान, सामाजिक परिवर्तन में उनकी भागीदारी और विकसित भारत के निर्माण में उनकी संभावित भूमिका पर मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम 8 नवंबर को हल्द्वानी स्थित गौलापार स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, खेल, उद्यमिता, समाजसेवा और ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य की रजत जयंती वर्ष के तहत एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें उत्तराखंड की नारी शक्ति” की यात्रा, उपलब्धियां और भविष्य की दिशा पर व्यापक चर्चा होगी। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “उत्तराखंड की महिलाओं ने राज्य गठन के बाद से हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बनाई है चाहे वह प्रशासन हो, राजनीति, खेल, शिक्षा या सामाजिक सेवा। अब समय है कि उनकी सफलता की कहानियों को मंच मिले और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि कार्यक्रम दो प्रमुख हिस्सों में विभाजित होगा। पहले सत्र में टॉक शो, ग्रुप डिस्कशन और “महिलाओं के भविष्य के विज़न” पर पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी और राज्य की महिला नीति व सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर मंथन होगा। इस अवसर पर महिला उद्यमियों, शिक्षाविदों, खिलाड़ी, समाजसेविकाओं और प्रशासनिक पदों पर कार्यरत महिलाओं से संवाद कर एक “विजन डॉक्यूमेंट” तैयार किया जाएगा, जो आने वाले वर्षों में महिला सशक्तिकरण की दिशा तय करेगा। कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का रंग बिखरेगा। इसमें झौड़ा, चांचरी, हुड़का नृत्य, लोक गायन और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। महिला समूह राज्य के विभिन्न हिस्सों से आकर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस भव्य आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। सीएम और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या इन महिलाओं को उत्तराखंड की नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित करेंगी। रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं हमेशा से संघर्ष, साहस और समर्पण का प्रतीक रही हैं। राज्य की स्थापना से लेकर आज तक उन्होंने समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। यह आयोजन उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने और भविष्य की दिशा तय करने का एक ऐतिहासिक अवसर होगा। यह आयोजन न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा बल्कि विकसित उत्तराखंड विकसित भारत के विज़न में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top