केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने बेटी के साथ किए बाबा के दर्शन..
रुद्रप्रयाग: केंद्रीय शिक्षा मंत्री डाॅ रमेश पोखरियाल निशंक ने अपनी पुत्री के साथ केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। वे लगभग डेढ़ घंटे तक धाम में रहे।
बृहस्पतिवार को डा. निशंक सुबह नौ बजे केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और देश की सुख-समृद्धि की मनौतियां मांगी। साथ ही धाम से देशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की बधाई भी दी।
इस दौरान उन्होंने केदारनाथ में हो रहे पुनर्निर्माण कार्येां के बारे में भी प्रशासन व कार्यदायी संस्था वुड स्टोन कस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के टीम प्रभारी कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि डा. निशंक ने आदिगुरू शंकराचार्य समाधि स्थल के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। बताया कि डाॅ निशंक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में बातचीत भी करेंगे। वे लगभग डेढ़ घंटे धाम में रहे और साढ़े दस बजे बदरीनाथ के लिए रवाना हो गए।