दर्दनाक हादशा पिथौरागढ़ में खाई में गिरी एंबुलेंस वाहन, दो लोगों की मौत
घर बनाने के लिए छुट्टी लेकर आया था सैनिक…
पिथौरागढ़ : एक घायल को उपचार के लिए पिथौरागढ़ से हल्द्वानी ले जा रही एंबुलेंस सोमवार रात बौतड़ी (चम्पावत) के निकट लगभग सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। एंबुलेंस में घायल के साथ जा रहे एक सैनिक और एक अन्य ग्रामीण की मौत हो गई। रोगी और चालक घायल हो गए।
सोमवार को पिथौरागढ़ तहसील के चंडाक से आगे वनआगर गांव में धर्मशाला का निर्माण हो रहा है। लिंटर डालने के दौरान काम कर रहे कमलेश थापा को चोट लग गई। उसे उपचार के लिए देर सायं ग्रामीण जिला मुख्यालय लाए। जहां चिकित्सक द्वारा आपरेशन बताए जाने पर देर रात एक एंबुलेंस यूके 05 पीए 0172 को बुक करा कर हल्द्वानी के लिए रवाना हुए। कमलेश के साथ गांव के ही शंकर सिंह और छुट्टी पर घर आए पिथौरागढ़ निवासी सैनिक त्रिलोक सिंह भी गए।
एंबुलेंस घाट पुल से दो तीन किमी आगे अनियंत्रित होकर लगभग सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। बौतड़ी पुलिस चौकी और लोहाघाट थाने से पहुंचे पुलिस दल ने राहत कार्य चलाया। दुर्घटना में वनआगर पिथौरागढ़ निवासी त्रिलोक सिंह (40) पुत्र धर्म सिंह और शंकर सिंह (40) पुत्र जमन सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा चालक चंचल राम पुत्र नारायण राम निवासी जाखनी पिथौरागढ़ और वनआगर के कमलेश थापा (30) पुत्र भीम सिंह घायल हो गए।
पुलिस ने शवों और घायलों को खाई से निकाला और 108 चिकित्सा वाहन से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचाया। त्रिलोक सिंह धारचूला एपीओ में कार्यरत थे। पहले से ही घायल कमलेश थापा की गंभीर हालत देखते हुए फिर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।